Mon. Sep 7th, 2026

प्रदेश की तीन श्रेष्ठ बैंकों में जीएसबी खरगोन, सीएम यादव ने किया सम्मानित!

Oplus_16908288

खरगोन। सहकारिता क्षेत्र में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित खरगोन ने फिर प्रदेश स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर खरगोन जिले का मान बढ़ाया है। उत्कृष्ट कार्यों एवं निर्धारित मापदंडों पर उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए प्रदेश की तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों में जीएसबी खरगोन को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सम्मानित किया है। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल द्वारा 27 अगस्त 2026 को जारी पत्र अनुसार, भारत सरकार के निर्देशानुसार उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिला सहकारी बैंको और सहकारी संस्थाओं को पुरस्कृत करने के लिए निर्धारित मापदंडों के आधार पर प्रदेश के जिला सहकारी बैंकों एवं पैक्स संस्थाओं का मूल्यांकन किया गया। इस मूल्यांकन में खरगोन, विदिशा एवं देवास जिला सहकारी बैंकों को प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों के रूप में चयनित किया गया। 

कार्यक्रम में सीएम और केंद्रीय मंत्री ने की शिरकत- 

2 सितंबर 2026 को ग्वालियर के मेला ग्राउंड में आयोजित प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी कृषक समागम में प्रदेश की उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों एवं पैक्स संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खरगोन को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रथम अपेक्स सम्मान का प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार एमडी संध्या रोकडे़ को प्रदान किया गया।

एमडी रोकड़े ने कहा- 

ये उपलब्धि खरगोन जिले में सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे सतत प्रयासों, किसानों एवं पैक्स संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय तथा बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यकुशलता, एवं समय-समय पर शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिये गये आदेशों/निर्देशों का परिणाम है। प्रदेश स्तर पर बैंक का उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंक के रूप में चयन होना खरगोन जिले के किसानों, सहकारी समितियों एवं समूचे सहकारिता परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

खरगोन को प्रदेश में प्रथम अपेक्स सम्मान का प्रमाण पत्र बैंक इतिहास में पहली बार-

बैंक के प्रशासक बी.एल. मकवाना, प्र.मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकडे एवं उपायुक्त सहकारिता खरगोन के. आर. आवासे ने इस सम्मान को जिले के किसानों एवं सहकारी संस्थाओं के विश्वास और सहयोग को समर्पित करते हुए कहा कि बैंक भविष्य में भी किसानों को बेहतर बैंकिंग एवं सहकारी सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारिता को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। साथ ही श्रीमती रोकडे ने ये भी बताया गया कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, खरगोन को प्रदेश में प्रथम अपेक्स सम्मान का प्रमाण पत्र बैंक इतिहास में पहली बार प्राप्त हुआ है जो बैंक के लिए गौरव का विषय है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खरगोन का प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों में से प्रथम अपेक्स सम्मान हेतु चयन व पैक्स गोगावां का प्रदेश के पांच उत्कृष्ट एम पैक्स में से द्वितीय अपेक्स सम्मान हेतु चयन एवं मुख्यमंत्री की उपस्थिति में सम्मानित किया जाना जिले के सहकारिता क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Related Post