Mon. Sep 21st, 2026

जीएसबी में स्थापित गणेश प्रतिमा मनमोहक?

खरगोन। शहर में गणेश उत्सव की धूम मची है। विभिन्न गणेश उत्सव समितियों द्वारा आकर्षक और मनमोहक गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसी श्रृंखला में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, खरगोन में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा सभी का मनमोह रही है। भगवान गणेश, भगवान शिव के स्वरूप में विराजमान हैं। प्रतिमा में गणेश जी के गले में मुंडमाला, मस्तक पर त्रिपुंड, हाथ में त्रिशूल और डमरू के प्रतीक के रूप में मोदक पात्र है। वे बाघंबर धारण किए हुए एक विशाल कपाल पर बैठे हैं, जिसके नीचे अनेक कपाल सजे हैं। प्रतिमा की आंखों में लगाई गई लाल रोशनी और भव्य श्रृंगार इसे और भी अलौकिक बना रहा है।

बैंक परिसर में स्थापित इस पंडाल को रंग-बिरंगे कपड़ों और फूल मालाओं से सजाया गया है। बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन सुबह-शाम आरती और पूजन किया जा रहा है। दर्शन के लिए बैंक में आने वाले ग्राहक और राहगीर भी इस अद्भुत स्वरूप को देखकर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।

समिति के सदस्यों ने व मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकड़े ने बताया इस वर्ष कुछ अलग संदेश देने वाली झांकी का विचार किया गया था। शिव और गणेश के एकाकार स्वरूप से ये संदेश दिया गया है कि पिता-पुत्र एक ही तत्व हैं। शिव स्वरूप में गणेश जी की यह प्रतिमा पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

Related Post