खरगोन। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (जेएसकेबी) खरगोन ने सहकारिता के क्षेत्र में पुनः रचा नया कीर्तिमान रचा है। उपार्जन, डिपाजिट, लाभ, खाद वितरण, ऋण वसूली में प्रदेशभर में जिला सहकारी बैंक प्रदेश में अव्वल रही। एमडी संध्या रोकड़े के नेतृत्व में बैंक ने सफलता हासिल की।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित खरगोन ने सहकारिता एवं किसान हितैषी सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित करते हुए प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। बैंक द्वारा रबी उपार्जन, रासायनिक खाद वितरण, ई-विकास पोर्टल के सफल संचालन तथा कृषि ऋण वितरण एवं वसूली में उत्कृष्ट कार्य किया गया है, जिससे लाखों किसानों को शासन की शुन्य प्रतिषत ब्याज योजना का समय पर लाभ प्राप्त हुआ है। वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक अमनातों में गत वर्ष की तुलना में 25928.16 लाख की वृद्धि हुई हैं इसी प्रकार बैंक का सकल लाभ गत वर्ष 3088.02 लाख था और इस वर्ष बैंक का सकल लाभ 5065.83 लाख हुआ है। बैंक का शुद्ध लाभ गत वर्ष 31.03.2025 पर 403.91 लाख हुआ एवं इस वर्ष 31.03.2026 पर 1758.83 लाख का लाभ अर्जित किया है। बैंक का एनपीए भी 31.03.2026 पर गत वर्ष से 0.58 प्रतिषत कम हुआ है।
किसानों को करोड़ों का भुगतान-
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में खरगोन एवं बडवानी जिले के 29 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 13193 किसानों से 777549.90 मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन कर किसानों को रू 20410.68 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार 4,415 किसानों से 14,277.75 मीट्रिक टन चना का उपार्जन कर रू. 83.88 करोड़ का भुगतान भी सफलतापूर्वक किया गया।
खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया-
बैंक से संबद्ध खरगोन एवं बडवानी जिले की 182 बहुउद्देषीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से वर्ष 2025-26 में 3,03,799 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण तथा 2,21,423 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया गया है। इससे किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जा सका है। राज्य शासन द्वारा लागू ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था को पूर्णतः पारदर्शी एवं वैज्ञानिक बनाया गया है। किसानों को उनकी पात्रता एवं फसल क्षेत्र के अनुसार ऑनलाइन टोकन जारी किए जा रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ एवं प्रतीक्षा समाप्त हुई है और किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध हो रही है।
वसूली और ऋण वितरण में भी बेहतर प्रदर्शन-
कृषि ऋण वितरण एवं वसूली के क्षेत्र में भी बैंक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बैंक से संबद्ध खरगोन एवं बड़वानी जिले की 182 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को फसल ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा वर्ष के दौरान ऋण वसूली भी 76.79 प्रतिषत की जाकर गत वर्ष की तुलना में 0.32 प्रतिषत अधिक वसूली प्राप्त कर बैंक ने प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक वसूली करने वाला जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह उपलब्धि खरगोन एवं बड़वानी जिले की सहकारिता व्यवस्था एवं किसानों के विश्वास का प्रमाण है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बना रहे सशक्त- एमडी रोकड़े
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकड़े ने चर्चा में अवगत कराया गया है की हम शासन, आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं भोपाल, अपेक्स बैंक भोपाल एवं सयुंक्त आयुक्त सहकारिता व बैंक प्रशासक बी एल मकवाना के निर्देशन में किसानों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहें है।
