Tue. May 26th, 2026

बैंक में लाखों का गबन, कैशियर रितु और त्रयम्बक को सीईओ ने किया निलंबित

खरगोन। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित खरगोन की शाखा ठिबगांव में लगभग 41 लाख 58 हजार के गबन के मामले में बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकड़े ने कैशियर ऋतु गोयल और वॉल टेलर त्रयम्बक वाणी को तत्काल प्रभाव से निलबिंत किया है। भौतिक सत्यापन और नकद के मिलान के दौरान पकड़ी गई गड़बड़ी। मामले की सूचना जैतापुर थाने को भी दी गई है। 

जिला सहकारी बैंक के अनुसार 41.58 लाख की नगद राशि के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में शाखा में पदस्थ कैशियर रितु गोयल द्वारा बैंक की नगद शेष राशि में भारी कमी पाए जाने के बाद बैंक मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकड़े ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। सातः ही पुलिस को सूचना दे दी गई है। 25 मई 2026 को शाखा में नियमित नगद मिलान एवं भौतिक सत्यापन के दौरान कैश का गबन सामने आया। जांच में बैंक की वास्तविक नगद शेष राशि और अभिलेखों में दर्ज राशि में रू.41,58,095/- का अंतर पाया गया। 

कैशियर का मोबाइल मिला बंद, शाखा से गायब-

बताया गया कि कैशियर रितु गोयल दोपहर बाद बिना किसी पूर्व सूचना के शाखा से अनुपस्थित हो गई थीं और उनके मोबाइल फोन भी बंद पाए गए। बैंक प्रबंधन द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर शाखा में पंचनामा तैयार कराया गया तथा मामले की सूचना पुलिस थाना जैतापुर को भी दी गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि शाखा स्तर पर नकद हस्तांतरण एवं संयुक्त निरीक्षण संबंधी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते इतनी बड़ी राशि एक साथ कैशियर के पास उपलब्ध रही।

पूरे मामले की होगी विभागीय जांच-

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए बैंक प्रशासन ने कैशियर रितु गोयल  एवं  सहायक गणक (वाल टेलर) श्री त्रयम्बक वाणी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस घटना के बाद बैंक प्रशासन ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि उनके हित सुरक्षित हैं तथा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जावेगी ताकि भविष्य में कोई भी कर्मचारी इस प्रकार का कृत्य करने की जुर्रत ना करें।  

Related Post