Sat. Mar 7th, 2026

विधायक बोले, अब जानजोखिम में डालकर नहीं करेंगे नदी पार!

खरगोन। शहर के समीप ग्राम भसनेर में बह रही कुंदा नदी पर करीब दो करोड़ रुपए की लागत से बनी नवनिर्मित पुलिया (रपट) का विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने लोकार्पण किया। विधायक पाटीदार ने कहा अब किसी किसान भाई को जानजोखिम में डालकर कुंदा नदी पार नहीं करना पड़ेगी।

खरगोन मुख्यालय से महज 7 किमी दूर भसनेर के लोगों को लंबी प्रतीक्षा के बाद पुलिया की सौगात मिली। ग्रामीणों के लिए इसलिए भी विशेष है कि, बारिश पूर्व यह बनकर आवागमन के लिए शुरु हो गई है। इसके निर्माण के लिए ग्रामीण करीब ढाई दशक से प्रयासरत थे। पुलिया लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक श्री पाटीदार ने ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि अब किसी को जानजोखिम में डालकर नदी पार नहीं करनी पड़ेगी। आजादी के बाद से लगातार चली आ रही ग्रामीणों की इस मांग को आखिरकार पूरा ही कर दिया गया। सरकार की मंशा है कि बिजली, सड़क, शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए विकास का हर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इस पुलिया का वादा मैंने विधानसभा चुनाव लड़ते समय किया था। आज यह वादा पूरा हो गया। इसके पूर्व उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सड़क पर लगाए गए शिलापट्ट का लोकार्पण कर पूजन.अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने रपट का निरीक्षण भी किया।
तेज बारिश में होता रहेगा आवागमन विधायक पाटीदार ने कहा कि ये पुलिया, पुल की तरह ही काम करेगी। 245 मीटर लंबाई वाली पुलिया केवल एक छोर नहीं, बल्कि नदी के दोनों छोरों पर बसे 10 से अधिक गांव के सैंकड़ों ग्रामीणों और किसानों को जोड़ेगी। जो आवागमन सुगम करने के साथ ही किसानों, स्कूली विद्यार्थियों एवं मरीजों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचा सकेगी। उपसरपंच मुकेश चौहान ने बताया इस रपट के बनने से करीब एक दर्जन से अधिक गांव के लोगों को राहत मिली है। भसनेर के साथ ही नदी के दूसरे छोर देवली, कोठा, बलवाड़ी, बरुड, रोमचिचली, बैजापुरा आदि गांव के लोगों को भी भसनेर से होकर खरगोन एवं अपने खेतों, तक पहुंचने का मार्ग सुलभ हो सकेगा। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, उपसरपंच मुकेश सिंह चौहान, जनपद सीईओ मनोज निगम, आरईएस एसडीओ, राधेश्याम चौहान, दिनेश चौहान, हेमराज चौहान,राजेंद्र परसाई,विष्णु रघुवंशी, संतोष पाटीदार, काशीराम पाटीदार भूपेन्द्र पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन,जनप्रतिनिधि और अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।

विधायक ने पूरा की वादा-
समारोह में मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि नदी पर आवागमन के लिए कई चुनावों में मांग की थी। गत विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार भी किया था, जिसकी सूचना पर बतौर प्रत्याशी पहुंचे श्री पाटीदार ने उन्हें चुनाव बाद नदी पर आवागमन के लिए रास्ता बनवाने का आश्वासन दिया था। चुनाव में जीत हासिल करने के दो माह बाद ही विधायक पाटीदार ने अपने चुनावी वादे को पूरा किया और इसकी स्वीकृति दिलाई। महज एक वर्ष में यह पुलिया बनकर तैयार हुई है।

Related Post