खरगोन। एसपी धर्मराज मीणा ने रक्षित निरीक्षक सौरभ कुशवाह को आखिरकार निलंबित कर ही दिया। देर शाम तक चला चक्काजाम। डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा को हस्तक्षेप करना पड़ा।
डीआरपी लाइन के कर्ताधर्ता रक्षित निरीक्षक सौरभ कुशवाह को आरक्षक को बुरी तरह बेल्ट से पीटना आखिर भारी पड़ गया। आरक्षक राहुल चौहान ने रक्षित निरीक्षक पर मारपीट के आरोप लगाए थे। मामले का वीडियो वायरल होने पर जयस ने कुशवाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर खंडवा वडोदरा नेशनल हाईवे पर देर शाम तक चक्काजाम किया। एसपी मीणा ने रात में कुशवाह को निलंबित किया।
एडिशनल एसपी कनेश करेंगे जांच-
मामले को लेकर डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बुरहानपुर के एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश को मामले की जांच को लेकर आदेशित किया है। आरक्षक की बेल्ट से पिटाई के मामले में सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के चलते डीआईजी बहुगुणा ने इसे गंभीर प्रवृत्ति का मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं और शीघ्र ही जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए भी कहा है।
छोटी सी बात पर इतना क्यों भड़के आरआई-
आरक्षक राहुल चौहान और पत्नी जयश्री ने बताया कुत्ता गुम होने पर आरआई कुशवाह रात में आरक्षक के घर पहुंचे और वहां से गाड़ी पर बैठाकर लाकर एक कमरे में बंद कर बेल्ट से बुरी तरह पीटा। शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर किया गया था चक्काजाम।
बच्चों पर निकालते थे गुस्सा-
डीआरपी लाइन में खेलने आने वाले बच्चों ने बताया आरआई कुशवाह को बहुत जल्दी गुस्सा आ जाता है। मैदान में खेलने वाले बच्चों को खेलने से रोकते हैं। बात नहीं मानने पर उनकी फुटबॉल लेकर फोड़ देते हैं और मासूम बच्चों अपशब्द भी कहते हैं। कुछ पुलिस वालों का कहना है कि पुलिस लाइन में किसी आरआई द्वारा इस तरह का व्यवहार पहली बार देखा गया।
मुझे न्याय मिले- आरक्षक
पीड़ित आरक्षक राहुल चौहान का कहना है रक्षित निरीक्षक सौरभ कुशवाह के खिलाफ एफआईआर कराने के लिए आया हूं। उनके द्वारा मेरे साथ मारपीट की गई है बेल्ट से मारपीट की गई है। मेरे समाज को लेकर भी ये बात कही गई है। मेरी 10 बजे रात तक ड्यूटी थी मुझे 1 रात को बुलाया और कमरे पर ले जाकर बेल्ट से बुरी तरह मारपीट की। मुझे न्याय चाहिए क्योंकि मेरे साथ मारपीट क्यों की गई। उनके पास दो डॉगी है इनमें से एक छोटा डॉगी कहीं पर चला गया। उन्होंने ढूंढा उन्हें मिला नहीं तो 1 बजे रात को मेरे घर पर आए और मुझे अपने घर ले गए। मेरे हाथ से मोबाइल छीन लिया। और मुझे कमरे में ले जाकर बेल्ट से बुरी तरह मारा, बेरहमी से मारा।
कहने लगे डॉगी को मारकर गाड़ दिया-
आरक्षक की पत्नी जयश्री का कहना है मेरे पति राहुल चौहान आरक्षक के पद पर हैं। उन्हें आरआई साहब ने बेल्ट से पूरी तरह मारा। जब मैं उनके साथ उनके कारण पूछने गई तो मुझे भी अब शब्द कहे जाति सूचक शब्द कहे और अपमानित किया। कारण ये था कि उनका कहीं डॉगी भाग गया था और आरोप लगा रहे थे कि तूने उसे मार कर कहीं गाढ़ दिया है। इस बात के कारण रात में बुलाकर बुरी तरह से मारा बेल्ट से मारा गंभीर चोटे आई हैं जबकि उनका डॉगी बाद में मिल गया था।
