खरगोन। अब तक आपने और हमने वोटर लिस्ट, ट्रांसफर लिस्ट और जॉब कार्ड में मृतक के नाम जारी होने की घटना देखी है, लेकिन एक माह पूर्व देह त्यागने वाले कार्यकर्ता को भीकनगांव भाजपा मंडल की कार्यकारिणी में स्थान मिल गया। ये मामला सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
खरगोन जिले की भीकनगांव विधानसभा में आने वाले झिरन्या विकासखंड में भाजपा ने आभापुरी मंडल कार्यकारिणी का घोषणा पत्र जारी किया है। भाजपा संगठन कार्यकारिणी की 23 अगस्त को जारी इस सूची में अनुक्रमांक 35 पर दर्ज़ नाम स्वर्गीय किशनलाल राठौर निवासी आभापुरी को कार्यसमिति सदस्य बनाकर अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। किशनलाल राठौर की मृत्यु जुलाई 2025 में हो चुकी है। आभापुरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह गौड़ और मृतक किशनलाल राठौर दोनों ग्राम आभापुरी के निवासी हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राम्हणे और मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह गौड़ की सहमति से बनाई गई 85 सदस्यीय मंडल कार्यसमिति में मृतक कार्यकर्ता को पार्टी की जिम्मेदारियां सौंपना दुःखद है। इस मामले को लेकर लोग सोशल मीडिया पर जमकर वायरल कर रहे हैं।
