Sat. Mar 7th, 2026

गोदाम की आड़ में भरत वाघे ने लगाया बारूद का ढेर, किया सील!

खरगोन। जिले के समीप ऊन में एसडीएम और पुलिस की बड़ी कार्यवाही। बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रखा बारूद जब्त। पटाखा फैक्टरी को सील किया। पटाखा स्टोर करने की परमिशन की आड़ में बड़े पैमाने पर बारूद रख अवैध रूप से पटाखे तैयार करा रहा था भरत वाघे। 

जिला मुख्यालय से 16 किलोमीटर दूर ऊन थाना क्षेत्र में खरगोन खंडवा-वड़ोदरा स्टेट हाईवे पर एसडीम बीएस कलेश, एसडीओपी रोहित लखारे ने संयुक्त रूप से एक पटाखा गोदाम पर छापामार कार्यवाही की। गोदाम संचालक भरत पिता बद्रीलाल वाघे पटाखा स्टोर की आड़ में बड़ी मात्रा में बारूद बुलाकर सुतली बम और अन्य पटाखे तैयार कर रहा था। पुलिस ने जब गोदाम का निरीक्षण किया तो बारूद से तैयार सुतली बम और बड़ी मात्रा में बारूद बरामद हुआ। बताया जा रहा है करीब 350 से अधिक बोरियों में 3 हजार 900 किलो बारूद और पटाखे जब्त किए गए हैं। संबंधित व्यापारी के पास पटाखा बनाने का कोई लाइसेंस नहीं मिला इसके चलते राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर गोदाम को सील कर दिया है। सूत्र बताते हैं लंबे समय से उक्त गोदाम व्यापारी वाघे गोदाम की आड़ में पटाखे तैयार कर इंदौर, उज्जैन, भोपाल सहित कई प्रदेशों को पटाखे सप्लाई कर रहा था। पुलिस द्वारा कार्यवाही के बाद इस बात की भी जांच की जा रही है इतनी बड़ी मात्रा में बारूद कहां से बुलाया गया और पटाखों का सप्लाई कहां-कहां पर किया जा रहा था। 

एक प्रायवेट स्कूल में भी थी वाघे की पटाखा फैक्ट्री-

गोदाम की आड़ में बारूद की फैक्ट्री चला रहा मास्टर भरत वाघे आज से नहीं कई सालों से खंडवा वडोदरा हाइवे पर ऊन में बारूद का गोरखधंधा कर रहा है। पिछले साल ग्रामीणों की सूचना पर एक निजी स्कूल में तात्कालीन थाना इंचार्ज ने रात में एक बंद पड़े निजी स्कूल में छापा मारा था। यहां से बारूद भी बरामद हुआ था लेकिन मामला बाहर आने से पहले ही मिस्टर इंडिया हो गया था। कोई निरीक्षण या कार्यवाही ना होने से वाघे अवैध रूप से पटाखे तैयार कर रहा था। जबकि एसडीएम कलेश के अनुसार वाघे के पास पटाखा बनाने का कोई लायसेंस ही नहीं है।

ये कहा एसपी धर्मराज मीणा ने-

एसपी धर्मराज मीणा का कहना है हमें पटाखा स्टोर के संबंध में सूचना मिली थी। एसडीएम तहसीलदार और स्थानीय थाना प्रभारी के द्वारा उक्त गोदाम को चेक किया गया। ऊन थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। तहसीलदार द्वारा एक जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जांच के बाद में ऊन थाना क्षेत्र में विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गोदाम संचालक भारत पिता बद्रीलाल वाघे द्वारा ये काम किया जा रहा था। मौके से निर्माणाधीन और अर्ध निर्मित पटाखे और अर्ध निर्मित पटाखे जप्त किए हैं। इनका करीब 3900 किलो के आसपास वजन है। निर्माण में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री भी जप्त की गई है। गोदाम को सील कर दिया गया है और इस संबंध में आगे भी जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है। ये भी जांच की जा रही है कि यह पटाखे कब से बना रहे हैं और निर्माण के लिए बारूद कहां से बुलाया जा रहा था। 

Related Post